samvaad

*मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों को बड़ी राहत: छत्तीसगढ़ में 99 प्रतिशत बोनी पूर्ण 13.14 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज किसानों तक पहुंचा — खेती-किसानी को मिल रहा निरंतर सहयोग…*

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों को बड़ी राहत: छत्तीसगढ़ में 99 प्रतिशत बोनी पूर्ण

13.14 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज किसानों तक पहुंचा — खेती-किसानी को मिल रहा निरंतर सहयोग

रायपुर, 22 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ फसलों की बोनी का कार्य अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किसानों को समय पर खाद, बीज और कृषि ऋण उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर खेतों में दिखाई दे रहा है। 22 सितंबर की स्थिति में प्रदेश में निर्धारित लक्ष्य का 99 प्रतिशत बोनी कार्य पूरा हो चुका है।

प्रदेश में खरीफ सीजन 2026 के लिए 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध अब तक 48.44 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान, मक्का, कोदो-कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली, रामतिल सहित विभिन्न फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाद-बीज की उपलब्धता पर विशेष निगरानी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसानों की मांग के अनुरूप प्रमाणित खाद-बीज की सुगम उपलब्धता, सोसायटियों में पर्याप्त भंडारण तथा वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी पर विशेष जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने खाद-बीज वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जा रही है।

13.14 लाख मीट्रिक टन खाद और 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित

प्रदेश में खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध सहकारी एवं निजी क्षेत्रों में 17.64 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है।

अब तक किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 74 प्रतिशत है।

इसी तरह खरीफ सीजन 2026 के लिए 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरुद्ध 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया, जबकि अब तक 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज किसानों को वितरित किया जा चुका है। यह निर्धारित मांग का लगभग 93 प्रतिशत है।

1008.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज

22 सितंबर की सुबह तक प्रदेश में 1008.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है।

वहीं पिछले 10 वर्षों के आधार पर इसी अवधि की औसत वर्षा 1061.6 मिलीमीटर रही है। इस वर्ष अब तक दर्ज वर्षा इस औसत से 53.5 मिलीमीटर कम है। जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 881.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी।

किसानों को 8,125.51 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण

किसानों को खेती-किसानी के लिए आर्थिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

खरीफ सीजन 2026 में 21 सितंबर तक 8,125.51 करोड़ रुपये का कृषि ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह राशि 6,740.75 करोड़ रुपये थी।

चालू खरीफ सीजन में किसानों को कुल 8,800 करोड़ रुपये के कृषि ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

खेती-किसानी को मजबूती देने पर सरकार का फोकस

छत्तीसगढ़ में खरीफ बोनी का 99 प्रतिशत लक्ष्य हासिल होना, किसानों तक बड़ी मात्रा में खाद-बीज की उपलब्धता और कृषि ऋण का वितरण राज्य में खेती-किसानी को मजबूत करने की दिशा में जारी प्रयासों को दर्शाता है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का जोर किसानों को समय पर आवश्यक कृषि संसाधन उपलब्ध कराने और खेती को सुविधाजनक बनाने पर है।