samvaad

*सक्ती में विकास और सशक्तिकरण का नया अध्याय: 2 लाख परिवारों ने किया पक्के घरों में गृह प्रवेश, जेठा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन, लखपति दीदियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान…*

*सक्ती में विकास और सशक्तिकरण का नया अध्याय: 2 लाख परिवारों ने किया पक्के घरों में गृह प्रवेश*

*जेठा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन, लखपति दीदियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान…*

सक्ती, 11 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में निर्मित 2 लाख आवासों के गृह प्रवेश के अवसर पर सक्ती जिले के ग्राम जेठा में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी के साथ जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, स्व-सहायता समूह की बहनों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर अपने सपनों का पक्का घर पाने वाले हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबी सौंपी गई। पक्के मकान का सपना साकार होने पर हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी और संतोष दिखाई दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ग्रामीण परिवारों के जीवन में स्थायित्व, सम्मान और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद लेकर आई है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदियों, डीलर दीदियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गांवों में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली अभिनव पहलों ‘धार अपार’, ‘सुघ्घर बाड़ी’ और ‘अथ उद्यमिता की ओर’ का शुभारंभ भी किया गया।
इन पहलों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों और स्थानीय प्रतिभा को नई दिशा देकर महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, स्वरोजगार तथा ग्रामीण विकास को गति देना है। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का बढ़ता आत्मविश्वास ग्रामीण भारत में बदलती तस्वीर का उदाहरण बन रहा है।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पक्का घर केवल चार दीवारों का निर्माण नहीं, बल्कि परिवार के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को अपने घर का सपना साकार करने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम के अंत में अपने नए पक्के घर में प्रवेश करने वाले सभी 2 लाख परिवारों, सम्मानित लखपति दीदियों, डीलर दीदियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। सभी के जीवन का यह नया अध्याय सुख, सम्मान, आत्मनिर्भरता और समृद्धि से परिपूर्ण हो, यही कामना की गई।