केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सौजन्य भेंट, छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा…
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री माननीय श्री जे.पी. नड्डा जी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने उनका कुशलक्षेम जाना और छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से उन्हें अवगत कराया।
बैठक में प्रदेश के दूरस्थ, ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों तक गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने, चिकित्सा सुविधाओं के आधुनिकीकरण तथा केंद्र एवं राज्य की स्वास्थ्य योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से आम नागरिकों तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रमुख लक्ष्य छत्तीसगढ़ के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, बेहतर, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाने के साथ-साथ ऐसी व्यवस्थाएं विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है, जिससे लोगों को बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम हो और उन्हें अपने ही क्षेत्र में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है। स्वस्थ छत्तीसगढ़, सशक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ सरकार जन-जन तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
